Sunday, December 06, 2009

कूड़ा बीनने वाले बच्चों का अपना बैंक



बनारस,६ दिसंबर. देश में जब कोई विजय दिवस मन रहा था और कोई शर्म दिवस ऐसे में बनारस के कूड़ा बीनने वाले बच्चों सहित तमाम गरीब बच्चे अपने द्वारा खोले गए चिल्ड्रेन्स बैंक के द्वारा देशवासियों का ध्यान देश की सबसे बड़ी समस्या गरीबी और उसके उन्मूलन के लिए आर्थिक सशक्तीकरण् की आवश्यकता की ओर आकर्षित करने में लगे हुए थे .मंदिर और मस्जिद के नाम पर बटवारे को नकारते यह बच्चे अपने बैंक द्वारा देश को आर्थिक ताक़त बनाने में मशगूल दिखाई दिए. विशाल भारत संसथान के तत्वावधान में बना बच्चों का यह बैंक अपनी किस्म का पहला है .इसका संचालन 5-13 वर्ष के बच्चे ही करते हैं.इस बैंक में मात्र 50 पैसे से खाता खोला जा सकता है ,इसके लिए एक फॉर्म भरना पड़ता है साथ ही एक गारंटर की ज़रुरत पड़ती है.बाल श्रमिक अपनी कमाई से प्रतिदिन 1-10 रूपए बैंक में जमा करते हैं.ज़रूरत पड़ने पर यह बच्चे इस बैंक से ब्याज रहित लोन भी ले सकते हैं.इस बैंक के कारण कई गरीब बच्चे अपनी पढ़ी जारी रख पा रहे हैं और बाल श्रमिकों में बचत की भावना का भी विकास हो रहा है. इस बैंक की मैनेजर 11 वर्षीय निशा है तो 8 वर्षीय आफरीन केशियर् का काम करती हैं वाही 6 वर्षीय तौहीद आलम बैंक के सुरक्षा अधिकारी हैं. आज इस बैंक का उद्घाटन बैंक ऑफ़ बड़ोदा के प्रबंधक श्री घनश्याम दास् ने किया. इस मौके पर संसथान के अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने बताया की जल्द ही बैंक की २० अन्य शाखाएं खोली जाएगी.लगता है वह दिन दूर नहीं जब गरीब बच्चे अपनी बचत द्वारा देश को आर्थिक ताकत बनाने में बराबर के भागीदार होंगे. हमारी तरफ से इस पहल पर इन सभी बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं.

Friday, December 04, 2009

एक लेटलतीफ़ की शादी



वो मुझे 'मैम' कहकर सम्बोधित करता है क्यों कि ऑफिस में मैं उसकी बॉस हूँ और इस लिए भी क्यों कि वो मेरा शिष्य है.मैं उसे 'लेटलतीफ़' कहती हूँ, क्यों? अरे भई नाम से ही ज़ाहिर है कि वो हमेशा लेट आता है .किसी एक दिन, किसी एक मौक़े, किसी एक जगह पर नहीं, हर दिन हर मौक़े और हर जगह, हर कार्यक्रम में वो लेट आता है.कभी 15मिनट लेट तो कभी 45मिनट, कभी 1 घंटा लेट, कभी 2 घंटा और कभी कभी तो सुबह की जगह शाम को पहुँचता है.आपका काम रूके तो रूके पर उस बेचारे को समय से न पहुँचने की जैसे क़सम है.कई बार आकाशवाणी स्टूडियो में किसी वीआईपी रिकार्डिंग में, मेरे बार बार रिमाइंडर के बावजूद भी वो तब पहुँचा जब रिकार्डिंग समाप्त होने वाली थी!!! अब चाहे आप अपने बाल नोचें, चाहे हज़ार बातें सुनाएँ, चाहे जो सज़ा देने की बात कहें, वो एक चुप तो हज़ार चुप. आखिर में थक हार कर अगले को ही चुप होना पड़ता है. हर बार 'अब से हमेशा समय से आऊँगा' का वायदा पर ......??!!!ज़्यादा पूछो तो कहेगा "मैम मैं देर नही करता, पता नहीं कैसे देर अपने आप हो जाती है." वो बहुत अच्छा वर्कर है, विश्वसनीय है, मेहनती है, जानकार है और सबसे बड़ी बात कि इस सबके बावजूद बहुत विनम्र और आज्ञाकारी भी है.शायद यही कारण है कि अपनी हैरान कर देने वाली लेटलतीफ़ी के बावजूद भी वो मेरे हर महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में मेरी टीम में ज़रूर रहता है.

पिछले दिनों उसने मुझे अपनी शादी का कार्ड दिया. बारात 27 नवम्बर को लखनऊ से कानपुर जानी थी.उसका आग्रह था कि मैम शादी में आपको ज़रूर ज़रूर आना है.ऑफिस के अन्य सहकर्मी भी सादर आमंत्रित थे.अपने प्रिय शिष्य़ की शादी में शामिल होने का मेरा खुद बहुत मन था. मन में उसे दूल्हा बना देखने की बड़ी उमंग थी.उसने बताया कि "मैम चूँकि शादी में बैण्ड पहली शिफ़्ट का है अत: कैसे भी करके बारात कानपुर 6:30 शाम तक ज़रूर पहुँचनी है वर्ना बैण्ड वाले वापस चले जाएँगे." समय से पहुँचने की उसकी एक दो रिमाइंडर कॉल भी मुझे प्राप्त हुई.बारात पौने पाँच बजे शाम को रवाना हुई.एक बस थी और तीन गाड़ियाँ. एक गाड़ी में दूल्हा और कुछ परिवारजन थे. अन्य गाड़ियों में हम ऑफ़िस वाले थे.वो बार बार फोन से हम लोगों से सम्पर्क बनाए था कि कौन सी गाड़ी कहाँ तक पहुँची.उन्नाव पहुँच कर एक ढाबे पर हम लोगों ने चाय पीने की सोची. हम लोगों ने उससे कह दिया कि तुम चलो हम लोग पहुँच जाएँगे.करीब आधे घंटे उन्नाव में बिता कर हम लोग फिर चल पड़े.पर यह क्या! कानपुर से करीब पाँच किमी पहले हमारी गाड़ी एक भयँकर जाम में फँस गई. हमें लगा कि चाय पीने के चक्कर में हमसे बहुत बड़ी ग़ल्ती हो गई है. अब पता नही बारात मे समय से पहुँच पाएँगे कि नहीं. तभी हमने देखा कि बारात वाली बस तो हमारे बग़ल में ही खड़ी है! अब हमने सोचा कि यह अच्छा है कि बारातीगण तो जाम में फँसे है क्या दूल्हा राजा अकेले ही बैण्ड बाजा लेकर निकलेंगे? तभी उनका फोन आता है "मैम मेरी गाड़ी आप से पीछे खड़ी है."इस समय कोई आठ बज रहे थे. दूल्हा समेत पूरी बारात इस जाम से कैसे निकलेगी ? चार पाँच किमी के जाम का यह सफ़र बहुत मुश्किल था. हर आदमी के मन में एक ही प्रश्न की लखनऊ से कानपुर का आमतौर पर दो घंटे में खत्म होने वाला सफ़र आज कितने घंटे लेगा? सड़क पर तिल रखने की जगह नही थी.तभी मेरी लाइन की एक गाड़ी ने साइड वाले कच्चे रास्ते में मोड़ा हमारी गाड़ी भी उसके पीछे मोड़ी गई. आगे पता चला कि आज कानपुर में भारत-श्रीलंका क्रिकेट मैच था और सुरक्षा व्यवस्थाओं के चलते यह अभूतपूर्व जाम लगा था.फिलहाल हमें निकलने की जगह मिल चुकी थी और भले ही रेंग-रेंग कर ही सही पर मेरी गाड़ी रात बारह बजे शादी स्थल पर पहुँच चुकी थी.बाराती पहुँच चुके थे पर दूल्हा मिसिंग था. हमने फोन किया तो जवाब मिला "मैम अभी तो मुझे पहुँचने में बहुत वक़्त लग जाएगा, मेरी गाड़ी भयँकर जाम में अभी भी फँसी है,कहीं से भी निकलने की जगह नहीं मिल रही है." मैने सिर पकड़ लिया.आज भी लेट !!!! और हमेशा की भाँति मुझे बहुत इंतज़ार करना पड़ा.दूल्हा महाशय रात डेढ बजे शादी स्थल पर पहुँचे. बारात करीब दो बजे शुरू हुई और जयमाल की रस्म होते समय घड़ी ढ़ाई बजा रही थी.जयमाल के वक्त जब उसने स्टेज पर मेरे पैर छुए तो मुझे उसकी वही बात याद आ रही थी " "मैम मैं देर नही करता, पता नहीं कैसे देर अपने आप हो जाती है......."

खैर देर चाहे जितनी भी हुई हो पर शादी बहुत अच्छी हुई.मेरा शिष्य बहुत सजीला और सुन्दर लग रहा था. दुल्हन उससे भी बढ़ कर! शादी की रस्में अपनी गति से चल रही थी और मैं मन ही मन यह कामना कर रही थी कि जिस तरह का जाम आज हमारे रास्ते में लगा था उससे बहुत्-बहुत बड़ा जाम लग जाए,इस जोड़ी के जीवन में आने वाले किसी भी दुख-तकलीफ़ के रास्ते में.

ओम और श्वेता को स्नेहाशीष, आशीर्वाद और सुखमय जीवन की अशेष शुभकामनाएँ.

Monday, November 30, 2009

लव स्टोरी 2009

(वर्ल्ड एड्स डे पर विशेष)




लव-स्टोरी 2009 एक सच्ची प्रेम कथा है.किसी भी सामान्य फ़िल्मी कहानी से मिलती जुलती इस कहानी में भी एक लड़का है,एक लड़की है,फ़िल्में हैं, पार्क है, मोहब्बत की शुरुआत है,प्यार का इज़हार है,भविष्य के सपने हैं, रूठना-मनाना भी है और इस सबके बाद शादी नाम का सुखांत भी है,मगर फिर भी यह कहानी सब कहानियों से अलग हट कर है. क्यों? कैसे? अरे भाई इस कहानी में प्यार का अंकुर उस बिन्दु पर फूटता है जिसे प्राय: जीवन का अंत कहा जाता है.मगर इस अंकुर से उगा प्रेम वृक्ष जीवन के नए आयाम और मानदण्ड स्थापित करता है. एक वायरस के इर्द-गिर्द घूमने वाली यह कहानी है--हैदराबाद के राजशेखर और स्वपना के अनोखे प्रेम की. मगर इससे पहले एक नज़र स्वप्ना के जीवन के पिछले पन्नों पर.

अपने माँ-बाप की इकलौती संतान स्वप्ना ने जब पति का घर सदा के लिए छोड़ा तो उसकी गोद में एक बेटा था, शरीर के ऊपर पति की प्रताड़ना के सैकड़ों निशान और शरीर के अन्दर था HIV नामक वाएरस. जीवन भयावह प्रतीत हो रहा था, पति की बेवफाई आँखों से आँसू बन कर बह निकलती थी. अपने ऊपर रह 2 कर रोना आता था कि पति के ग़लत सम्बन्धों की सज़ा आखिर ईश्वर ने उसे क्यों दी? आत्महत्या के विचार उसे चारो ओर से घेर रहे थे पर अपने मासूम बच्चे की ममता उसे ऐसा करने से रोक देती थी.यह बच्चे की ममता की ही शक्ति थी जिसने वायरस को भी हरा दिया और स्वप्ना आगे बढ़ चली एक HIV काउंसिलर बन कर दूसरों को पॉज़िटिव जीवन की सलाह देने.अपने सेंटर पर वो लोगों को HIV से बचने के उपाय समझाती साथ ही यह भी बताती कि HIV+ होने का अर्थ जीवन का अंत नहीं. अपने सेंटर पर स्वप्ना ने HIV पॉज़िटिव लोगों का एक संगठन बनाया और सबने मिल कर एक सामूहिक शपथ ली " हम अपने शरीर में रह रहे HIV वाएरस को किसी और तक नही फैलने देंगे.इस वाएरस का अंत हमारे जीवन के साथ ही होगा और हम अपने जैसे पॉज़िटिव लोगों के लिए रोल मॉडल बनकर उनको केयर और सपोर्ट देकर एक नया जीवन देंगे." स्वप्ना जब यह शपथ ले रही थी उसे नही मालूम था कि यह शपथ उसके जीवन में वो रंग भर देगी जिसकी अब वो कल्पना भी नही कर सकती थी.

स्वप्ना एक दिन अपने चैम्बर में बैठी थी कि उसके पास राजशेखर नामका एक HIV पॉज़िटिव युवक आया जो अपने जीवन से हताश था.राजशेखर को एक ऑपरेशन के दौरान HIV हुआ था. स्वप्ना ने उसे भी वैसी ही सीख दी जो वो आमतौर पर ऐसे लोगों को दिया करती थी.राजशेखर किसी मुकदमें को लेकर बहुत परेशान था जहाँ पर एक काउंसिलर के रूप में स्वप्ना की गवाही की ज़रूरत थी.स्वप्ना ने राजशेखर की भरपूर सहायता की, उसके फेवर में गवाही भी दी. और उसी मुकदमे में जीत से ही शुरू हुई स्वप्ना और राजशेखर के जीवन की यह सच्ची प्रेम कहानी.राजशेखर ने कहा

"हम अगर शादी कर लें तो हमारा वायरस हम तक ही रहेगा..हम एक दूजे को केयर और सपोर्ट से नया जीवन दे सकते हैं..यही तो शपथ हमने अपने संगठन में ली है स्वप्ना? क्या तुम्हे यह प्रस्ताव स्वीकार है?"

"मगर मेरा बेटा?"

" उसकी ज़िम्मेदारी मेरी है. मैं यक़ीन दिलाता हूँ कि एक पिता का प्यार मैं हमेशा इस बच्चे को दूँगा."

स्वप्ना कुछ बोल न सकी. पिछले जीवन के काले साए अभी तक उसका पीछा कर रहे थे.

राजशेखर ने कहा
" स्वप्ना तुमने मेरी जितनी सहायता की है उसी के कारण आज मैं जीना सीख पाया हूँ. अब प्रस्ताव ठुकरा कर मुझसे मेरी ज़िन्दगी मत छीनो."

राजशेखर की बातों में स्वप्ना की आँखों ने सच्चाई देखी. प्यार का अंकुर फूट चुका था. उसके बाद बाकायदा शुरू हुई एक फिल्मों जैसी प्रेम कहानी. फिल्मों, पार्कों, रेस्त्राँ और फूड कॉर्नर्स ने दोनो को यह भुला ही दिया कि उनके शरीर में एक खतरनाक वाएरस भी है. प्यार की कहानी में शादी का अहम मोड़ भी आया और दोनो सदा के लिए एक दूजे के हो गए. आज दोनो खुशहाल हैं.स्वप्ना कहती है "मुझे अगले जन्म में भी राजशेखर ही चाहिए." यह पूछने पर कि दोनो ही एचआईवी पोजिटिव हैं तो क्या जीवन के लिए डर नही लगता राजशेखर जवाब देते हैं कि "अगर ऐक्सीडेंट में डेथ हो जाए तो तुरंत ही मर जाते है जबकि एचआईवी पोजिटिव तो 15-20 साल तक भी जी सकते है. तो फिर डर कैसा?"

पोजिटिव - पोजिटिव शादी को एचआईवी का प्रसार रोकने का एक महत्वपूर्ण उपाय मानने वाले इस दंपत्ति ने एक मैरिज ब्यूरो भी खोला है जहाँ एचआईवी पोजिटिव लोगों की शादी के साथ यह भी सिखाते है की एचआईवी पोजिटिव होने के बाद भी कैसे सामान्य जैसा ही जीवन जिया जा सकता है.

हिन्दी ब्लॉग जगत की तरफ़ से स्वप्ना और राजशेखर को बहुत बधाई और सुखमय जीवन की शुभकामनाएँ.

Tuesday, November 17, 2009

मुस्लिम महिलाओं ने निकाला वन्देमातरम सम्मान मार्च








आज जहाँ देश में चारो ओर वन्दे मातरम सम्बन्धी विवाद चर्चा में है वहीं बनारस की मुस्लिम महिलाओं के प्रसिद्ध संगठन "मुस्लिम महिला फ़्रंट" ने गत 9 नवम्बर को वन्दे मातरम के विरोधियों को कड़ी चुनौती देते हुए "वन्दे मातरम सम्मान मार्च" निकाल कर उदघोष किया कि मुल्क पहले है और धर्म बाद में. सड़्क पर पर्दानशीं, हाथों में तिरंगा और ज़ुबान से निकलते वन्दे मातरम के सतत स्वर...कट्टरपंथियों के लिए यह करारा जवाब था, बनारस शहर की तमाम मुस्लिम महिलाओं की ओर से. ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरी बुर्क़ानशीनों ने शहर के शास्त्री पार्क,सिगरा से मलदहिया चौराहे तक यह मार्च "विशाल भारत संस्थान" के तत्त्वाधान में निकाल कर कहा कि राष्ट्र गीत का अपमान करने वाले देशद्रोही हैं और यह अपराध किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा. फ्रंट की नायब सदर नजमा परवीन ने कहा कि इस्लाम राष्ट्रभक्ति का हुक्म देता है अत: सभी मुसलमानों को इस मुद्दे पर आगे आकर धर्म के ठेकेदारों को मुँहतोड़ जवाब देना चाहिए.मुस्लिम महिला फ़्रंट की सचिव शबाना ने कहा कि धर्म की आड़ लेकर कट्टरपंथी नफ़रत फैलाना चाहते हैं ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए.उन्होने सरकार से मामले में तुरंत हस्तक्षेप की माँग भी की.

महिलाओं ने पोस्टरों के माध्यम से वन्दे मातरम को राष्ट्र्गीत का दर्जा मिलने तक का पूरा इतिहास देश के सामने रखा. पोस्टरों पर हिन्दी के साथ-साथ उर्दू में भी वन्दे मातरम लिखा था. पोस्टरों के ज़रिए बताया गया कि 1896 में मौलाना रहीमतुल्ला ने कांग्रेस के कलकत्ता अधिवेशन में वन्दे मातरम गाकर इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलवाई. 1905 में बनारस के कांग्रेस अधिवेशन में गोखले ने वन्दे मातरम को राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया. 1913 में करांची अधिवेशन में सदर मोहम्मद बहादुर ने वन्दे मातरम गाया. 1923 में मौलाना मोहम्मद अली,1927 में डॉ.एम.ए.अंसारी,1940-45 मे मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने देश को वन्दे मातरम की शपथ दिलाई.

महिलाओं का कहना था कि वन्दे मातरम आज़ादी की लड़ाई का मूल मंत्र था. जब आज़ादी के दौरान इतने बड़े नेताओं ने सहर्ष वन्दे मातरम गाया तो आज यह विरोध क्यों? अशफ़ाक़उल्ला खाँ, मौलाना आज़ाद और डॉ.अंसारी जैसे देशभक्तों ने वन्दे मातरम कह कर देश के लिए सब कुछ कुर्बान कर दिया. हम इन देशभक्तों की क़ुर्बानी को ज़ाया नही होने देंगे और देश की एकता के लिए लगातार संघर्ष करेंगे.वतन के लिए जीना हमारा मकसद है और वतन की शान में कोई गुस्ताखी हम बरदाश्त नहीं करेंगे.
जयहिन्द हो या वन्दे मातरम
कहेंगे ज़रूर चाहे निकल जाए दम.

Monday, November 09, 2009

एक पोस्टर जिसने आँख में आँसू ला दिए



आज गिरिजेश जी का ब्लॉग देखा.यहाँ क्षमा कीजिएगा नामक पोस्ट पर एक लिंक दिया गया था Roots In Kashmir.अँग्रेजी की इस पोस्ट ने मन विचलित कर दिया. छद्म धर्मनिरपेक्षता के प्रति नफ़रत और गाढ़ी हो गई. लगा कैसे देश में रहते हैं हम जहाँ आतँकवादियों को गले लगाया जाता है, शाबाशियाँ दी जाती है और देशभक्तों को दुत्कारा जाता है...सिर्फ़ वोटों की लालच में!!! इस पोस्ट को आप भी यदि पढ़ेंगे तो निश्चित रूप से मन विचलित हो जाएगा. कश्मीरी पण्डितों की आवाज़ को मुखर करता यह पोस्टर हमें कुछ सोचने पर मजबूर करता है और आत्मावलोकन की आवश्यकता पर ज़ोर भी डालता है.

Thursday, November 05, 2009

फ़र्क़

वो जहाँ से आया
मैं वहीं से आई

वो भी यहीं आया
मैं भी यहीं आई

उसे भी पाला गया
मुझे भी पाला गया

उसने भी पढ़ा-लिखा
मैंने भी पढ़ा-लिखा

उसने भी सपने बुने
मैंने भी सपने बुने

उसने भी मेहनत की
मैंने भी मेहनत की

वो भी सफल बना
मैं भी सफल बनी

फिर वो सेलेक्ट करने वाला बना
फिर मैं सेलेक्ट होने वाली बनी.

Tuesday, November 03, 2009

सब त्रिया-चरित्र है !




जीवन के रंगमंच पर
माँ,बहन,बेटी,पत्नी,
देवरानी,जिठानी,बहू,सास,नन्द
जैसे चरित्रों को
संजीदगी से निभाते-निभाते
एक दिन
आँख भर आई मेरी
इन सारे चरित्रों के बीच
अपने "स्व" के कहीं खो जाने पर.


मन की इस व्यथा पर
कुछ बोलना चाहा होठों ने
किंतु शब्द मौन हो गए
लेकिन आँखे वाचाल होकर बोल उठीं
आँसुओं की भाषा...


उसी दिन मेरे कानों ने सुना था
औरत को कोई समझ पाया है आज तक?
सब त्रिया-चरित्र है
ऐक्टिंग मार रही है
नाटकबाज़ कहीं की!

Friday, October 30, 2009

बेगम अख़्तर की गाई चुनिन्दा ग़ज़लें


पिछली सात अक्टूबर को जब बेगम अख़्तर की जयँती के अवसर पर उनसे सम्बन्धित मैने पोस्ट लगाई थी तो बहुत लोगों ने यह फ़रमाइश की थी कि उनकी चुनिन्दा ग़ज़ले सुनवाऊँ. आज उनकी पुण्यतिथि है, आपके लिए लाई हूँ कुछ ऐसी ग़ज़ले जिनके चलते वो रह्ती दुनिया तक अमर रहेंगी. बेगम साहिबा की आवाज़ की सबसे बड़ी खासियत थीं आवाज़ का दर्द में डूबा होना. उनकी ग़ज़लें ज़ेहन पर एक अजब असर डालती हैं.जहाँ एक ओर उनमें कशिश है वही अल्फ़ाज़ों के रखरखाव का एक नायाब अन्दाज़ उन्हे और गायकों से जुदा करता है.जहाँ शास्त्रीय संगीत का पुट उनकी आवाज़ में है वही जज़्बात की अदायगी का बेजोड़ अन्दाज़, सुनने वाले को मजबूर करता है कि वो हमेशा के लिए उनका दीवाना हो जाए.

आकाशवाणी से उनका जुड़ाव 25 सितम्बर 1948 को हुआ, जब आकाशवाणी लखनऊ के स्टूडियों में पहली बार उनकी आवाज़ गूँजी थी.

वो जो हममे तुममें क़रार था,तुम्हें याद हो के न याद हो
वही यानी वादा निभाह का तुम्हे याद हो के न याद हो.



अब इसे बेगम साहिबा की आवाज़ की सलाहियत कहिए या उनका खुलूस कि लखनऊ की उस ज़माने की महफ़िलें आज भी लोगों को नहीं भूली है. लखनऊ के हैवलक रोड इलाके में बेगम साहिबा का मकान भले ही वीरान पड़ा है मगर आज भी फिज़ाओं में मानो यह ग़ज़ल गूँजती है. सुनिये, यक़ीनन यह आपकी रूह में उतर जाएगी.

अब छलकते हुए साग़र नहीं देखे जाते
तौबा के बाद यह मंज़र नहीं देखे जाते.



बेगम अख़्तर एक बार आकाशवाणी लखनऊ के स्टूडियो में गाने आईं. उदघोषिका ने उनका नाम ग़ल्ती से बेग़म अख़्तर एनाउंस कर दिया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बेगम साहिबा उस एनाउंसर के पास आकर बोली " बिटिया मैं बहुत ग़मज़दा हूँ तुमने मुझे बेग़म क्यों कहा? मैं तो बेगम हूँ, जनाब इश्तियाक़ अहमद अब्बासी की बेगम!"

उनकी आवाज़ में यह ग़ज़ल, अपने आप में कितने ग़म समेटे है आप भी सुनिए...

कोई ये कह दे गुलशन-गुलशन,लाख बलायें एक नशेमन
फूल खिले है गुलशन गुलशन लेकिन अपना अपना दामन.



बेगम साहिबा की आवाज़ में अक्सर नासिका स्वर लगते थे. कोई और होता तो यह ऐब कहलाता मगर बेगम साहिबा ने क्या खूबी के साथ इस कमी को भी अपनी खासियत में बदल कर गायन की एक अलग शैली ही बना डाली.

मेरे हमनफस मेरे हमनवा मुझे दोस्त बनके दग़ा न दे...



एक इतनी बड़ी कलाकार जिसकी दुनिया दीवानी थी खुद बहुत सरल स्वभाव की थीं. अपनी शिष्याओं को हमेशा अपनी बेटी की तरह रखती थीं. ग़रीब परिवार की ज़रीना बेगम भी उनकी शिष्याओं में से एक थीं. वो बताती हैं कि "अम्मी हमसे फीस तो नहीं ही लेती थी उल्टा हमें खाने को अच्छी अच्छी चीज़ें दिया करती थी." 30 अक्तूबर 1974 को बेगम साहिबा ने दुनिया से पर्दा किया मगर उनकी आवाज़ का जादू हमेशा एक सुरूर की तरह छाया रहेगा उनके चाहनेवालों पर.


उल्टी हो गई सब तदबीरें कुछ न दवा ने काम किया
देखा इस बीमार-ए-दिल ने आखिर काम तमाम किया.

Wednesday, October 28, 2009

लिफ़ाफ़ाबाद का ब्लॉगर सम्मेलन और मच्छर


एक शहर था लिफाफाबाद. उस शहर में कुछ ब्लॉगर और बहुत सारे मच्छर रहते थे. ब्लॉगर बड़ी मेहनत से ब्लॉगिंग करते थे और मच्छर खून चूसने का पुश्तैनी काम किया करते थे.मच्छरों को ब्लॉगर्स के ब्लॉग पढ पढ कर बड़ी ईर्ष्या होती थी क्यों कि खून चूसने का काम कोई सरकारी नौकरी की तरह तो था नही कि ऑफ़िस पहुँचे नहीं कि ब्लॉगिंग और टिपियाना शुरू! यहाँ तो रात-रात भर जाग कर कस्टमर के सिर पर घंटों लोरी गाइए तब जाकर बूँद भर खून का इंतजाम हो पाएगा. अब रात भर इतनी मेहनत के बाद कोई क्या खाक ब्लॉगिंग करेगा? यही कारण था कि क्वालिफ़िकेशन होते हुए भी एक भी मच्छर अब तक अपना ब्लॉग नहीं बना पाया था. वैसे भी ब्लॉगिंग के लिए कितनी योग्यता की ज़रूरत ही होती है?

एक दिन शहर के एक ब्लॉगर को जाने क्या सूझी कि उसने देश भर के ब्लॉगरों की मीटिंग बुलाने की सोची. पोस्टों के आदान प्रदान, सनाम और बेनामी टिप्पणियों,यहाँ तक कि ऐग्रीगेटर, मॉडरेशन के बावजूद काफ़ी कुछ ऐसा था जिसे आमने-सामने बैठ कर सलटाया जाना ज़रूरी लगता था. बात शहर के अन्य ब्लॉगरों तक पहुँची. सबने कहा व्हॉट ऐन आइडिया सर जी! तीन बार सबने कहा "क़ुबूल,क़ुबूल,क़ुबूल" और मीटिंग बुलानी पक्की हो गई. किसे-किसे बुलाना है, लिस्ट बनने लगी, ईमेल पते ढूँढे जाने लगे, मोबाइल बजने लगे. लकी ड्रॉ निकाल कर ब्लॉगर अतिथियों की लिस्ट बनाई गई. फोन किए गए. जिनके फोन बजे वो धन्य हुए जिनके नही बजे वे मोबाइल कम्पनियों को गरियाने लगे कि अनचाही कॉलें तो खूब मिलती है पर मनचाही नहीं.

निमंत्रण मोहल्लों, कॉफ़ी हाउसों में पहुँचने लगे. ब्लॉगर समझ गए कि भड़ास निकालने का मौक़ा आ गया है."लिफ़ाफ़ाबादी" अपने काम के धुरन्धर होते हैं अत: ब्लॉगर की हर प्रजाति को न्योता भेजा गया.

" भेज रहा हूँ नेह निमंत्रण ब्लॉगर तुम्हे बुलाने को
हे कुंठासुर! हे भैंसासुर! भूल न जाना आने को "

मीटिंग में कुंठासुर से लेकर भैंसासुर तक, मसिजीवी से लेकर श्रमजीवी तक, अफ़लातून, खातून , रवि ,कवि,वैज्ञानिक, इंजीनियर,साहित्यकार,पत्रकार सभी चिठ्ठाकार की कैपेसिटी में पहुँचे. मच्छरों को ब्लॉगरों की यह फुरसतिया गैदरिंग देख कर बड़ी कोफ़्त हुई पर बिचारे कर क्या सकते थे! मच्छरों को बड़ा दुख हुआ कि इतने बड़े आयोजन में उन्हें नही बुलाया गया श्रमजीवी और मसिजीवी तो नही मगर परजीवी श्रेणी में तो उनकी बिरादरी आती ही है और यह किसे नहीं पता कि कुछ ब्लॉगर जन्म से ही परजीवी होते हैं (कॉपी-पेस्ट ज़िन्दाबाद!). फ़िलहाल मच्छरगण मीटिंग को लेकर बहुत उत्सुक थे. उन्होने तय किया कि भले ही बुलाया न गया हो पर वो भी सभागार में भनभनाएँगे तो ज़रूर. हो सकता है कोई दिलवाला उन्हे भी माइक सौंप दे!

खैर मीटिंग शुरू हुई.माला-फूल,दीप-बाती,भाषण कॉफ़ी के बीच उदघाटन सत्र बीता. ब्लॉगरों का रोल ताली बजाने के सिवा और कुछ नहीं था इस सत्र में. सब, बड़ी मजबूरी में गुड-ब्वाय बने बैठे रहे, सोचते रहे एक बार हमारा मौक़ा आने दो तब बताएँगे! इंतज़ार की घड़ियाँ खत्म हुईं. अगला सत्र शुरू होने की सीटी बजी. "खाए-पिए-अघाए लोगों" की जमात, एक साथ रिंग में उतर चुकी थी और रिंग-मास्टर का कंसेप्ट तो ब्लॉग जगत में होता ही नहीं. लोकतंत्र के पाँचवें खम्भे के इर्द-गिर्द् सब स्वतंत्र ! बात सीधी-साधी बातों से शुरू हुई पर सेंसेक्स की भाँति ही जुमले शूट करने लगे मसलन "ब्लॉग बहस का प्लेटफार्म नहीं है", "बेनामी दस कदम आकर जाकर लड़खड़ा जाएगा", "एक भी मर्द नहीं है जो स्वीकार करे कि हम अपनी पत्नी को पीटते हैं",औरत बिना दुपट्टे के चलना चाहती है जैसे जुमले। . . .(बन्द करो कोई पीछे से कुंठासुर जैसा कुछ कह रहा है।),पोर्नोग्राफ़ी जैसे जुमले पर वंस मोर के नारे लगने लगे...अपनी स्ट्रैटेजी के मुताबिक मच्छरगणों ने भनभनाना शुरू किया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के धनी ब्लॉगर्स की हुँकार के आगे मच्छर फीके पड़ने लगे. मच्छरों ने एक कहावत सुन रखी थी कि ब्लॉगर कहीं का भी हो वो जात का "मुँहनोचवा" होता है..और आज के इस कार्यक्रम में वे इस कहावत का लाइव टेलीकास्ट देख रहे थे ! आयोजकों के तय किए गए विषय धरे के धरे रह गए. आखिर ब्लॉगर् किसी के निर्देशों को क्यों माने? हर व्यक्ति ने जिस विषय पर चाहा बोला, जो चाहा बोला! किसी के कुछ समझ में आया हो, न हो गरीब मच्छरों की समझ में कुछ नही आया.

शाम हुई, रात हुई. सारे दिन के थके हारे ब्लॉगर्स खर्राटे मार कर सो गए. उनके सपनों में लिफ़ाफ़ाबाद सम्मेलन की रिपोर्टिंग सम्बन्धी दाँवपेंच भरे आइडियाज़ आने लगे.मच्छर कोई ब्लॉगर तो थे नही जो सो जाते. उन्होने अपने कस्टमरों के सिर पर रोज़ की तरह लोरी गानी शुरू कर दी. आखिर रोज़ी-रोटी का सवाल था!

-----------------------------------------------------------------------

नोट---@ "ब्लॉग बहस का प्लेटफार्म नहीं है", "बेनामी दस कदम आकर जाकर लड़खड़ा जाएगा", "एक भी मर्द नहीं है जो स्वीकार करे कि हम अपनी पत्नी को पीटते हैं",औरत बिना दुपट्टे के चलना चाहती है जैसे जुमले। . . .(बन्द करो कोई पीछे से कुंठासुर जैसा कुछ कह रहा है।)---पोस्ट का यह भाग गिरिजेश जी के ब्लॉग " एक आलसी का चिट्ठा" से साभार.
----------------------------------------------------------------------

Wednesday, October 21, 2009

धर्म

वो मेरा सबसे प्यारा दोस्त
जिसकी निगाहें
साफ़ एकदम,
जिसका दामन
पाक एकदम.
जिसने
हर मौक़े पर मदद की है मेरी
और
डूब कर सिर तक
निकाला है मुझे
गहरी नदी के पेट से
न जाने कितनी बार !
पर
आज मौक़ा मेरा आया है
चलो तोड़ डालें उसका सर
चलो जला डालें उसका घर

उसका धर्म मुझसे अलग है.
Related Posts with Thumbnails