




यूँ तो दीपपर्व हर वर्ष पूरी दुनिया में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाता है पर इस बार की दीवाली कुछ और विशेष हुई जब वाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा और 10,डाउनिंग स्ट्रीट,लन्दन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्जवलित कर यहाँ उपस्थित हिन्दू, जैन, सिख और बौध समुदाय के लोगों को हर्षविभोर कर दिया. वाइट हाउस के ऐतिहासिक ईस्ट रूम में इस तरह के आयोजन का यह पहला मौका था.अमरीका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर और अनेक गण्यमान उपस्थिति के बीच, ओबामा ने अपने सन्देश में कहा कि विश्व की इन महान आस्थाओं द्वारा मनाया जाने वाला दीपपर्व बुराई पर अच्छाई, अन्धकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है. वाइट हाउस की इस ऐतिहासिक घटना को, अमरीका द्वारा उस देश मॆं, दीवाली को सरकारी मान्यता के रूप में देखा जा रहा है.ज्ञातव्य हो कि ओबामा का हनुमान प्रेम भी काफी चर्चित है और वे हनुमान मूर्ति को अपने साथ शुभांकर के रूप में सदा रखते हैं.
उधर लन्दन की 10, डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राम की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित करने का समाचार प्राप्त हुआ है.हालाँकि सरकारी तौर पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री का यह पहला दीवाली आयोजन था पर गार्डन ब्राउन पहले भी इस तरह के आयोजनों में भाग लेते रहे हैं. दो साल पहले गोवर्धन पूजा में प्रतिभागिता के मौक़े पर, गेंदे की माला पहने, मस्तक पर लाल टीका लगाए गॉर्डन ब्राउन को ब्रिटेन के हिन्दू फोरम ने स्नेह से "गोवर्धन ब्राउन" उपनाम दिया जिसे ब्राउन ने आह्लादित होकर स्वीकार किया. अपने सन्देश में उन्होने ब्रिटेन के विकास में भारतीयों के योगदान को सराहते हुए कहा कि डाउनिंग स्ट्रीट के इस आयोजन से भारत और ब्रिटेन के बीच रिश्तों में मज़बूती आएगी और भाईचारा विकसित होगा.